सोमवार, 31 अक्टूबर 2016

साहित्यश्री-4//2//चोवा राम वर्मा "बादल "

उजाले की ओर --(आह्वान)
सत्पथ के लिए होकर विकल
तोड़ कारा तम का,बाहर निकल ।
मचल मचल कर अचल ध्येय 
क्यों होगा विष तेरा पाथेय ।
दिखा पूर्ण दमखम
बढ़ा एक कदम
उजाले की ओर। 1।
दिनकर चन्द्र सितारे
जुगनू भी नही हारे ।
देता संदेश यही दीपक
परोपकार करो भरसक ।
त्याग अहम, बोलो हम
बढ़ा एक कदम
उजाले की ओर ।2 ।
चिंगारी भर चिंतन में ,
देश प्रेम अंकित कर मन में ।
भेदभाव के तक्षक का,
भाईचारे के भक्षक का ।
फण कुचल निकालो दम
बढ़ा एक कदम
उजाले की ओर । 3 ।
ना दीन बनें ना हिन बनें ,
स्वाभिमान का शौकीन बनें ।
वन्दनीय फक्कड़ फकीर ,
रहीम सूर तुलसी कबीर ।
क्षत्रपति से हैं क्या कम ?
बढ़ा एक कदम
उजाले की ओर । 4 ।
श्रम सीकर से शोभित भाल ,
ऋजुपथ गामी सिंहवत चाल ।
मृदु मुस्कान-फुलझड़ी झरे ,
जगमग दीवाली उमंग भरे ।
होगा सत्यम शिवम् सुंदरम
बढ़ा एक कदम
उजाले। की ओर ।
रचनाकार---चोवा राम वर्मा "बादल "
हथबंद

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें